Sunday, 27 Sep 2026

नशा-मुक्ति के लिए सभी का सहयोग अपेक्षित: राज्यपाल

भोपाल (02 अगस्त 26)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान शुभारंभ के वर्चुअल कार्यक्रम में राज्यपाल  मंगुभाई पटेल ने रविवार को भोपाल में सहभागिता की। कार्यक्रम का आयोजन ब्रह्माकुमारीज़ सुख शांति भवन रिट्रीट सेंटर में किया गया था। कार्यक्रम, ब्रह्माकुमारी दीदी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति दिवस के अवसर पर 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत ब्रह्माकुमारी राजयोग भवन भोपाल द्वारा किया गया था।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए हर व्यक्ति, परिवार, समुदाय और वर्ग का सहयोग अपेक्षित है। हर व्यक्ति नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा को 365 दिन याद रखें। उन्होंने कहा कि 10 करोड़ व्यक्ति यदि एक परिवार को नशा मुक्त करेंगे तो देश की 50 करोड़ आबादी नशा मुक्त हो जाएगी। देश में बड़ा बदलाव आ जाएगा। उन्होंने कहा कि नशा-मुक्त, स्वस्थ, संस्कारवान एवं विकसित भारत के निर्माण के ऐतिहासिक जन आंदोलन का शुभारंभ देश के लिए अत्यंत प्रेरणादायी और महत्वपूर्ण अवसर है। इस प्रसंग में बच्चों का बचपन नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखना तथा प्रत्येक परिवार को अपने घर को नशा-मुक्त बनाने के लिए प्रेरित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने मिशन स्पंदन को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए नशा-मुक्त भारत अभियान का व्यापक संकल्प लिया है। 

कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी पर नशे के दुष्प्रभाव तेजी से बढ़ रहे हैं, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है।  मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि नशा सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों के क्षरण का प्रमुख कारण है। बीके रेखा दीदी ने कहा कि नशा व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से क्षति पहुँचाता है।  कार्यक्रम के प्रारंभ में क्षेत्रीय निर्देशिका, सुख शांति भवन बीके नीता दीदी, ने स्वागत उद्बोधन दिया तथा बीके राम भाई ने कार्यक्रम का संचालन किया। बीके रतना दीदी ने नशा-मुक्त भारत की प्रतिज्ञा दिलाई और बीके हेमा दीदी ने राजयोग का अभ्यास कराकर सकारात्मक एवं आध्यात्मिक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

Tags:

Follow us

This question is not available..!