नांदेड़ (14 अगस्त 26)। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल पर हुए जानलेवा हमले को लेकर महाराष्ट्र CM फडणवीस ने कड़ा रुख अपनाया है। सीएम ने देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। बता दें कि यह घटना उस समय हुई, जब सुखबीर बादल अपनी पत्नी और सांसद हरसिमकत कौर बादल के साथ नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब में दर्शन करने पहुंचे थे। इस दौरान गुरुद्वारे के पास उनपर अचानक कृपाण से हमला किया गया। पुलिस के अनुसार, हमलावर की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है, जिसे घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हमले की वजह का पता लगाने में जुटी है। इस हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुखबीर सिंह बादल की सेहत के बारे में पूछा। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, PM मोदी ने हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बात करके सुखबीर बादल की सेहत के बारे में पूछा और उनके जल्दी ठीक होने की कामना की है।
सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की कांग्रेस नेता भारत भूषण आशु ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, 'यह घटना निंदनीय और पूरी तरह अस्वीकार्य है। किसी भी पवित्र स्थल या शांतिपूर्ण समाज में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। भारत भूषण आशु ने कहा कि विचारों और मतभेदों को हमेशा लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से व्यक्त किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने सुखबीर सिंह बादल के जल्द स्वस्थ होने, उन्हें शक्ति मिलने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है। बता दें कि, सुखबीर बादल पर हुए हमले को लेकर अश्वनी शर्मा, पंजाब बीजेपी प्रधान केवल सिंह ढिल्लों, कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग, रवनीत बिट्टू, आर.पी सिंह सहित कई नेताओं ने कड़ी निंदा की है।
गौरतलब है कि नांदेड़ साहिब पहुंचे सुखबीर सिंह बादल पर आज माता साहिब कौर गुरुद्वारे के पास हमला हुआ। हमले के बाद सुखबीर सिंह बादल को वहां के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के समय हरसिमरत कौर बादल समेत पूरा परिवार सुखबीर बादल के साथ मौजूद था। हमले के दौरान सिक्योरिटी में तैनात एक पुलिस कर्मी बीच-बचाव करते समय गंभीर रूप से घायल हो गया है। हालांकि, सुखबीर सिंह बादल की हालत के बारे में शुरुआती जानकारी यह है कि वह खतरे से बाहर हैं। हालांकि, अस्पताल ने अभी तक उनकी सेहत के बारे में डिटेल में मेडिकल जानकारी नहीं दी है।