Thursday, 01 Oct 2026

निगमबोध घाट पर होगा पूर्व पीएम का अंतिम संस्कार

नईदिल्ली (28 दिसंबर 24)। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर यहां निगमबोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सिंह का बृहस्पतिवार रात यहां एम्स में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया।  मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘सरकार ने निर्णय लिया है कि डॉ. मनमोहन सिंह का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार 28 दिसंबर, 2024 को सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर निगमबोध घाट, नई दिल्ली में होगा।' इसमें कहा गया है कि रक्षा मंत्रालय से सिंह का अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ करने के लिए प्रबंध किए जाने का अनुरोध किया गया है। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी से आग्रह किया कि पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार ऐसे स्थान पर किया जाए, जहां उनका स्मारक बन सके। उन्होंने प्रधानमंत्री से टेलीफोन पर बात करके और पत्र लिखकर यह आग्रह किया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने पीएम को लिखे पत्र में कहा, 'मैं यह पत्र भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के दुखद निधन के संदर्भ में लिख रहा हूं। टेलीफोन पर बातचीत में मैंने डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार जो कल यानी 28 दिसंबर 2024 को होगा, उनके अंतिम विश्राम स्थल पर करने का अनुरोध किया। यह भारत के महान सपूत के स्मारक के लिए एक पवित्र स्थल होगा।' मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि यह आग्रह राजनेताओं और पूर्व प्रधानमंत्रियों के अंतिम संस्कार के स्थान पर ही उनके स्मारक रखने की परंपरा को ध्यान में रखते हुए है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, 'डॉ. मनमोहन सिंह देश और इस देश के लोगों के मानस में एक अत्यंत सम्मानित स्थान रखते हैं। हालांकि उनका योगदान और उपलब्धियां अभूतपूर्व हैं। मैं यहां उनकी कुछ अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धियों पर ध्यान देना चाहूंगा।'

Tags:

Follow us

This question is not available..!