पटना (24 नवंबर 24)। बिहार जनता दल यूनाईटेड के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने विधानसभा उप-चुनाव में सभी चार सीटों पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन प्रत्याशी की जीत को ऐतिहासिक बताया है। जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि बेलागंज, इमामगंज, रामगढ़ और तरारी की जनता-जनार्दन ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग की विकास नीति पर अपना भरोसा जताया है। उन्होंने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी चार सीटों पर राजग प्रत्याशी की जीत गत 19 वर्षों में अनगिनत विकासकार्यों की जीत है। केंद्र और राज्य में डबल इंजन की राजग सरकार जन आकांक्षाओं को पूरा करने में दिन-रात जुटी हुई है। साथ ही उन्होंने कहा कि उप-चुनाव में राजग को मिला प्रचंड जनादेश मोदी-नीतीश की जोड़ी को नई ताकत प्रदान करेगा। प्रदेश अध्यक्ष ने जदयू सहित राजग के तमाम कार्यकर्ताओं का भी आभार व्यक्त किया और कहा कि राजग गठबंधन के तमाम कार्यकर्ताओं ने आपसी समन्वय बनाकर धरातल पर शानदार काम किया है।