लॉस एंजिलिस (10 जून 25)। एक नई जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि चीन की कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़े अरबपति नेविल सिंघम पर अमेरिका में अशांति फैलाने का आरोप लगा है। कहा जा रहा है कि उन्होंने पार्टी फॉर सोशलिज़्म एंड लिबरेशन नाम के एक अमेरिकी वामपंथी संगठन को भारी मात्रा में पैसा दिया, जिसने LA (लॉस एंजिलिस) में हुए दंगों को हवा दी।
नेविल सिंघम एक अमेरिकी मूल के अरबपति हैं, जो अब चीन के शंघाई शहर में रहते हैं। वे चीन समर्थक मीडिया और संगठनों को फंड करते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने PSL और उससे जुड़े संगठनों को लगभग 20 मिलियन डॉलर (करीब 167 करोड़ रुपये) की फंडिंग दी है। 8 जून को लॉस एंजेलेस में हुए विरोध प्रदर्शनों में PSL का नाम सामने आया है। बताया गया है कि PSL ने प्रदर्शन के लिए पोस्टर छपवाए, अपने प्रवक्ता भेजे और सैन एंटोनियो जैसे अन्य शहरों में प्रदर्शनकारियों को भी सक्रिय किया। इस पूरे घटनाक्रम को अमेरिका में 'संघठित हस्तक्षेप' की नई शक्ल के तौर पर देखा जा रहा है। रिपोर्ट बताती है कि PSL से जुड़ा यही नेटवर्क अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में हुए फिलिस्तीन समर्थक विरोध प्रदर्शनों के पीछे भी सक्रिय रहा है। अब यह साफ होता जा रहा है कि विदेशी ताकतें केवल चुनावों में हस्तक्षेप नहीं कर रही हैं, बल्कि वे अमेरिका की सड़कों पर भी अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रही हैं। नेविल सिंघम जैसे अरबपति इसके लिए वामपंथी संगठनों को फंडिंग के ज़रिए इस्तेमाल कर रहे हैं।