पटना (31 अक्टूबर 25)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू जिस तरह के विकसित और मजबूत भारत का सपना देखते थे, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वैसा ही भारत बनाना चाहते हैं। उन्होंने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को दो-तिहाई बहुमत मिलना देश के पहले नेहरू की जयंती पर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। आगामी 14 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना होगी और उसी दिन नेहरू की जयंती भी है।
पटना जिले के बाढ़ में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, 'बिहार चुनाव परिणाम जिस दिन आएंगे, वही पंडित नेहरू का जन्मदिन भी है। वह हमारे विचारधारा के नहीं थे, न ही हमारी पार्टी के थे, लेकिन देश के पहले प्रधानमंत्री थे। मैं उनका सम्मान करता हूं।' सिंह ने कहा कि नेहरू जिस तरह के विकसित और मजबूत भारत का सपना देखते थे, प्रधानमंत्री मोदी वैसा ही भारत बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'यदि 14 नवंबर को बिहार में जनता राजग को दो-तिहाई बहुमत से सत्ता में लाती है, तो यह नेहरू जी को जन्मदिन पर सच्ची श्रद्धांजलि होगी। क्या आप यह काम पूरा करना चाहते हैं या नहीं?' उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद)पर निशाना साधा और कहा कि बिहार की जनता 'गुंडा राज' नहीं चाहती और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 'राजद के जंगल राज' से राज्य को काफी हद तक बाहर निकाला है।
रक्षा मंत्री ने कांग्रेस और राजद पर चुनाव आयोग को बदनाम करने का आरोप लगाया और कहा कि 'यदि संवैधानिक संस्थाओं को ही बदनाम किया जाएगा तो लोकतंत्र कैसे चलेगा?' उन्होंने कहा कि राजद ने 'बिहार की छवि विश्व भर में खराब की' और यह चुनाव इस बात का फैसला करेगा कि 'राज्य फिर से जंगल राज' की ओर जाएगा या 'विकास के रास्ते' पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल ‘बांग्लादेशी घुसपैठियों' के वोट सुरक्षित करना चाहता है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सिंह ने कांग्रेस और राजद पर निर्वाचन आयोग पर हमला करने का आरोप लगाते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम किया जाएगा तो लोकतंत्र कैसे चलेगा। रक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव का मुद्दा बिल्कुल स्पष्ट है कि ‘राज्य को फिर से जंगल राज की ओर ले जाना है या विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाना है।' इससे पहले दरभंगा जिले में रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने राजद द्वारा प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने के वादे को ‘अवास्तविक' करार दिया। उन्होंने कहा कि राजग अपना घोषणापत्र गुरुवार को जारी करेगा और उसमें किए गए हर वादे को पूरा करेगा।