Tuesday, 29 Sep 2026

नोएडा एयरपोर्ट से जल्द शुरू होगी टिकट बुकिंग

नोएडा (10 जनवरी 25)। उत्तर प्रदेश के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आगामी फरवरी से टिकट बुकिंग सेवा शुरू होने की उम्मीद है। एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक, इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है और उड़ानों के संचालन से पहले टिकट बुकिंग सेवा शुरू की जाएगी। इसके लिए यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड  ने फ्लाइट शेड्यूलिंग के लिए भारतीय नागरिक उड्डयन महानिदेशालय को वैमानिकी सूचना प्रकाशन का ड्राफ्ट भेज दिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि डीजीसीए से मंजूरी मिलने के बाद फरवरी तक टिकट बुकिंग सेवा शुरू हो जाएगी। 

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का व्यावसायिक संचालन अप्रैल 2025 में शुरू होना प्रस्तावित है। इससे पहले, दिसंबर 2023 में एयरपोर्ट पर सफलतापूर्वक विमान की लैंडिंग की गई थी। इंडिगो एयरलाइंस का विमान एयरपोर्ट के रनवे पर उतरा था, जिससे एयरपोर्ट के सर्विलांस सिस्टम की जांच पूरी हुई थी। इस सफल परीक्षण की रिपोर्ट दिसंबर में ही डीजीसीए को भेज दी गई थी, और अब वैमानिकी सूचना प्रकाशन की मंजूरी की उम्मीद की जा रही है। टिकट बुकिंग सेवा को लॉन्च करने के लिए शेड्यूलिंग की प्रक्रिया का ड्राफ्ट भी डीजीसीए और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को भेजा जा चुका है। कंपनी ने टिकट बुकिंग सेवा शुरू करने के लिए 6 फरवरी की तारीख तय की है, जबकि वाणिज्यिक उड़ानें 17 अप्रैल से शुरू होनी हैं। माना जा रहा है कि यह बुकिंग सेवा टिकटों की बिक्री और उड़ानों के संचालन के लिए एक आवश्यक कदम है। 

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहले दिन से ही 30 विमानों की सेवा शुरू करने की योजना है। इनमें से 25 घरेलू उड़ानें और 3 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शामिल होंगी। इसके अतिरिक्त, एयरपोर्ट से दो कार्गो उड़ानें भी संचालित की जाएंगी। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड  के सीईओ शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि AIP ड्राफ्ट को समय पर डीजीसीए को भेजा गया है और टिकट बुकिंग सेवा के संचालन की प्रक्रिया निर्धारित समय पर पूरी कर ली जाएगी। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!