Wednesday, 30 Sep 2026

नौसेना के बेड़े शामिल होगा स्वदेशी सर्वे वेसल इक्षक

कोच्चि (28 अक्टूबर 25)। भारत अपनी सैन्य और समुद्री क्षमताओं को लगातार मजबूत कर रहा है। इसी क्रम में भारतीय नौसेना को एक और बड़ी शक्ति मिलने जा रही है। आगामी 6 नवंबर 2025 को स्वदेशी तकनीक से निर्मित सर्वे वेसल ‘इक्षक’ को आधिकारिक रूप से भारतीय नौसेना में शामिल किया जाएगा। यह समारोह कोच्चि नौसैनिक अड्डे पर आयोजित होगा, जिसमें नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इस मौके के लिए सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

‘इक्षक’ भारतीय नौसेना की तीसरी सर्वे वेसल (लार्ज) श्रेणी का जहाज है। इसका निर्माण कोलकाता स्थित गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स कंपनी ने किया है। इस जहाज की खासियत यह है कि इसमें 80% से अधिक पुर्जे और तकनीक भारत में ही निर्मित हैं, जो ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह परियोजना भारत की जल सर्वेक्षण क्षमता और स्वदेशीकरण की उत्कृष्ट मिसाल मानी जा रही है। ‘इक्षक’ जहाज मुख्य रूप से समुद्री नक्शे तैयार करने और समुद्र तल का सर्वे करने के लिए डिजाइन किया गया है। यह जहाज समुद्र की तलहटी को स्कैन कर चार्ट तैयार करेगा और नेविगेशन के लिए सुरक्षित मार्ग चिन्हित करेगा। जरूरत पड़ने पर यह आपदा राहत और अस्पताल जहाज के रूप में भी कार्य कर सकेगा।

इस जहाज की एक और खासियत यह है कि इसमें महिला नौसैनिकों के लिए अलग रहने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जो नौसेना की आधुनिक और समावेशी सोच को दर्शाती है। इक्षक’ नाम का अर्थ और विशेषताएं- ‘इक्षक’ शब्द का अर्थ है मार्गदर्शक या दिशा दिखाने वाला। यह नाम जहाज के उद्देश्य और भारत की समुद्री परंपरा दोनों से मेल खाता है। यह जहाज भारत की समुद्री सुरक्षा और रणनीतिक ताकत को और अधिक मजबूत बनाएगा। ‘इक्षक’ की लंबाई 110 मीटर और वजन लगभग 3,800 टन है। इसमें दो डीजल इंजन लगे हैं, जो जहाज को अधिकतम 18 नॉटिकल मील प्रति घंटा की गति प्रदान करते हैं। यह जहाज समुद्र में लगातार 25 दिन से अधिक समय तक तैनात रह सकता है। ‘इक्षक’ जहाज अत्याधुनिक हाइड्रोग्राफिक उपकरणों, सैटेलाइट आधारित नेविगेशन सिस्टम, संचार प्रणालियों और उच्च गुणवत्ता वाले सेंसरों से सुसज्जित है। यह तकनीक समुद्र की गहराइयों और समुद्री इलाके का बेहद सटीक मानचित्र तैयार करने में सक्षम है।


Tags:

Follow us

This question is not available..!