कांगड़ा (04 मई 24)। धर्मशाला से भाजपा नेता सुधीर शर्मा नेे प्रदेश सरकार पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। मीडिया को जारी प्रेस बयान में सुधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों के दौरान प्रदेश के लोगों को दस गारंटियां दी थी, लेकिन कांग्रेस एक भी गारंटी को सही मायनों में लागू नहीं कर पाई है। सुधीर शर्मा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि अब लोगों मेंं चर्चा शुरू हो गई है कि न तो किसानों का गोबर सरकार ने खरीदा, न ही बेरोजगारों को रोजगार दिया और न ही महिलाओं को 1500 रुपए दिए हैं। इसलिए लोगों में कांग्रेस सरकार के प्रति आक्रोश का लावा भर रहा है और वह मतदान के दिन जरूर फूटेगा।
भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश सरकार में विधायक की बात नहीं सुनी जा रही थी, इसलिए मुझे भी लोगों के सम्मान और क्षेत्र के विकास के लिए अपना विधायक का पद छोडऩा पड़ा क्योंकि जिस जनता ने उन्हें जिताया था, उनके काम नहीं हो पाएं तो मेरा विधायक बनने का कोई औचित्य नहीं रह गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की निकम्मी प्रदेश सरकार से लोग तंग आ गए हैं, इसलिए भाजपा के समर्थन में बंपर लहर बन रही है। आने वाले चुनावों में लोकसभा की चारों सीटों के साथ विधानसभा की सभी सीटों पर भाजपा प्रचंड जीत दर्ज करेगी।