जालंधर (16 फरवरी 25)। पुलिस महानिदेशक पंजाब गौरव यादव ने आज पंजाब पुलिस द्वारा पीएपी कैंपस, जालंधर में आयोजित की जा रही राष्ट्रीय घुड़सवारी चैंपियनशिप-2025 (टेंट पेगिंग) का उद्घाटन किया। इस अनूठी चैंपियनशिप में विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों, केंद्रीय हथियारबंद पुलिस बलों, सेना, नौसेना और कुछ निजी क्लबों की कुल 15 टीमें भाग ले रही हैं, जिसका समापन 23 फरवरी को होगा।
डीजीपी गौरव यादव ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट सांझा करते हुए कहा, "पंजाब पुलिस को भारतीय घुड़सवारी महासंघ के तत्वावधान में इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम की मेजबानी करने पर गर्व है, जिसमें देश भर के पुलिस बलों, सीएपीएफ, सेना, नौसेना और निजी क्लबों से 15 टीमें, 125 घोड़े और शीर्ष घुड़सवार भाग ले रहे हैं।" चैंपियनशिप के लिए 20 सदस्यीय पंजाब पुलिस घुड़सवारी टीम को शुभकामनाएं देते हुए डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस घुड़सवारी टीम का नेतृत्व डीआईजी प्रशासन पीएपी इंद्रबीर सिंह करेंगे और टीम अपने 24 घोड़ों के साथ भाग ले रही है। यह पहली बार है कि किसी भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी ने राष्ट्रीय क्वालीफायर में क्वालीफाई प्राप्त की है और राष्ट्रीय घुड़सवारी चैंपियनशिप में भाग लिया है। इस चैंपियनशिप के दौरान होने वाली प्रतियोगिताओं के संचालन और निर्णय के लिए भारतीय घुड़सवारी महासंघ, नई दिल्ली द्वारा अंतर्राष्ट्रीय जूरी सदस्यों की नियुक्ति की गई है। इस चैंपियनशिप में विभिन्न टीमों के 15 से 20 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भाग लेंगे। उल्लेखनीय है कि इस राष्ट्रीय टेंट पेगिंग चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से भारतीय टीम का चयन किया जाएगा, जो वर्ष 2025-26 के दौरान आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेगी।