भुवनेश्वर (02 अप्रैल 24)। अपने विरोधियों द्वारा 'बाहरी' कहे जाने से अप्रभावित, बीजू जनता दल नेता वी. के. पांडियन ने कहा है कि वह ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के सभी महान मूल्यों के 'स्वाभाविक उत्तराधिकारी' हैं और अपने 'गुरु' की मदद के लिए वह हरसंभव काम करेंगे। पटनायक के सबसे करीबी सहयोगी माने जाने वाले पांडियन ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उसने मुख्यमंत्री द्वारा बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद 'उड़िया अस्मिता' या राज्य की भाषा, कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए कुछ नहीं किया है। यहां पटनायक के आवास पर एक वीडियो साक्षात्कार में पांडियन (49) ने कहा, 'मैं नवीन बाबू को अपना गुरु कहता हूं और मैं उनका शिष्य हूं।'
पांडियन ने कहा कि वह सिर्फ एक पैदल सैनिक हैं और बीजू जनता दल (बीजद) के कोई पदाधिकारी भी नहीं हैं, लेकिन वह पटनायक के बहुत बड़े प्रशंसक हैं। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पूर्व अधिकारी ने पिछले साल पार्टी में शामिल होने के लिए नौकरी छोड़ दी थी। उससे पहले वह मुख्यमंत्री के निजी सचिव के रूप में काम कर रहे थे। यह पूछे जाने पर कि उन्हें पटनायक (77) के स्वाभाविक उत्तराधिकारी के तौर पर देखा जा रहा है, पांडियन ने कहा, 'मैं नवीन पटनायक के सभी महान मूल्यों का स्वाभाविक उत्तराधिकारी हूं, चाहे यह उनकी बेदाग ईमानदारी हो, ओडिशा के लोगों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हो, उनकी कड़ी मेहनत, समय की पाबंदी, ईमानदारी, हर चीज।'