पहलगांव (22 अप्रैल 25)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक बार फिर आतंकियों ने निर्दोष लोगों को निशाना बनाया है। यह हमला उस समय हुआ जब कुछ पर्यटक घुड़सवारी कर रहे थे। उसी दौरान आतंकवादी अचानक वहां पहुंचे और नाम पूछकर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस हमले में अब तक 25 से अधिक लोगों की की मौत और कम से कम 10 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हलांकि इसकी फिलहाल अधिकृत पुष्टि नहीं हुई है।
इस हमले की जानकारी मिलते ही गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हो गए। वे रात में ही हाई लेवल मीटिंग लेंगे। इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुःख जताते हुए आतंकियों और उनके आकाओं पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है। इस हमले के बाद एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। जिसमें एक महिला अपनी पति की जान बचाने के लिए मदद की गुहार लगाती हुई दिखाई दे रही है। घटना के बाद पूरे पहलगाम इलाके में दहशत फैल गई है। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई है और आस-पास के इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है। घायल लोगों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में किया जा रहा है।