उत्तर 24 परगना (25 अप्रैल 26)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को दावा किया कि पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान में स्पष्ट रूप से 'परिवर्तन की लहर' दिखाई दी और यह तृणमूल कांग्रेस के 'महा जंगलराज' के अंत का संकेत है। उत्तर 24 परगना जिले के दमदम लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत पानीहाटी में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि भारी मतदान का मतलब भाजपा का समर्थन बढ़ना और तृणमूल की 'तानाशाही' को नकारा जाना है। पश्चिम बंगाल में बृहस्पतिवार को विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में 3.60 करोड़ मतदाताओं में से करीब 92 प्रतिशत ने मतदान किया। मोदी ने कहा, 'बंगाल में लंबे समय से जो बदलाव की लहर दिखाई दे रही थी, कल के पहले चरण के मतदान ने उस पर मुहर लगा दी है। कल भाजपा के पक्ष में मिले समर्थन ने उसकी जीत का शंखनाद कर दिया है।'
प्रधानमंत्री ने कहा, 'बंगाल में जहां तृणमूल ने अपनी तानाशाही से लोकतंत्र के मंदिर को ध्वस्त कर दिया था, वहां के लोगों ने लोकतंत्र के मंदिर का पुनर्निर्माण शुरू कर दिया है। अब दूसरे चरण में आपको इस मंदिर पर विजय ध्वज फहराना है।' उन्होंने दावा किया कि पहले चरण के मतदान के बाद तृणमूल 'बेहद घबराई हुई' है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी ने रातों-रात अपने 'गुंडों' को सक्रिय कर दिया था ताकि मतदाताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं को डराया-धमकाया जा सके। मोदी ने कहा, 'कल के पहले चरण के मतदान ने टीएमसी के 'जंगल राज' के शासन का अंत सुनिश्चित कर दिया है। चार मई को, जब नतीजे घोषित होंगे, तब टीएमसी के गुंडों के लिए छिपने की कोई जगह नहीं होगी। कोई भी उन्हें बचा नहीं पाएगा। बंगाल कह रहा है 'पल्टानो दोरकार, चाय भाजपा सरकार' (बदलाव की जरूरत है, भाजपा की सरकार चाहिए)।' मोदी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस का उल्लेख करते हुए कहा कि बंगाल को एक "नयी क्रांति" की जरूरत है, जो इस बार वोट के जरिए आएगी। उन्होंने कहा, 'यह क्रांति की भूमि है, यह वीरों की भूमि है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने राष्ट्र से गुलामी की जंजीरों को तोड़ने का आह्वान किया था। तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा। अब बंगाल में एक नयी क्रांति का समय है। यह क्रांति आपके एक वोट से आएगी।' उन्होंने कहा कि भाजपा बंगाल को 'सालों की कठिनाइयों' जैसे 'भय से आज़ादी, भ्रष्टाचार, सिंडिकेट राज, महिलाओं पर अत्याचार, बेरोज़गारी, मजबूरी में पलायन' और 'घुसपैठियों के कब्जे' से मुक्त कराने का वादा करती है।