रियो डी जेनिरियो (07 जुलाई 25)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ब्रिक्स सम्मेलन में कहा कि पहलगाम में हुआ आतंकी हमला केवल भारत पर नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की मानवता पर हमला था। उन्होंने इस हमले को 'कायरतापूर्ण और अमानवीय' बताया। प्रधानमंत्री मोदी इस समय ब्राजील के रियो डी जेनेरो शहर में चल रहे BRICS शिखर सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। इस सम्मेलन में दुनिया के कई बड़े नेता मौजूद हैं।
PM मोदी ने कहा: 'आतंकवाद आज के समय की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। हाल ही में भारत ने पहलगाम में एक बेहद अमानवीय और कायराना आतंकी हमला झेला है। यह हमला सिर्फ भारत नहीं, बल्कि पूरी मानवता पर था।' प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि आतंकवाद पर किसी तरह की दोहरी नीति नहीं चल सकती। उन्होंने स्पष्ट कहा: 'अगर कोई देश आतंकवाद को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन देता है, तो उसे उसकी भारी कीमत चुकानी चाहिए।' प्रधानमंत्री मोदी ने BRICS देशों से अपील की कि वे आतंकवाद के खिलाफ एक स्पष्ट और एकजुट रुख अपनाएं। उन्होंने कहा कि जब तक सभी देश मिलकर एक सख्त नीति नहीं अपनाते, तब तक आतंकवाद जैसी चुनौती से निपटना मुश्किल होगा।