नईदिल्ली (20 मई 24)। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के तहत मतदान जारी है। आज 8 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के 49 संसदीय क्षेत्रों में मतदान हो रहा है। इसके साथ ओडिशा विधानसभा की 35 विधानसभा सीटों के लिए भी एक साथ मतदान होगा। यह सुनिश्चित करने के लिए कि मतदान सुविधाजनक और सुरक्षित वातावरण में हो, सभी मतदान केंद्र पर्याप्त छायायुक्त स्थान (शेड), पीने के पानी, रैंप, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं के साथ मतदाताओं के स्वागत किया जा रहा हैं।
आयोग ने मतदाताओं से अधिक संख्या में मतदान केंद्रों पर आने तथा जिम्मेदारी और गर्व के साथ मतदान करने का आह्वान किया है। लोकसभा चुनाव 2024 में अब तक सभी मतदान केंद्रों पर लगभग 66.95% मतदान हुआ है। चल रहे आम चुनावों के पहले चार चरणों के दौरान लगभग 45 करोड़ 10 लाख व्यक्ति पहले ही मतदान कर चुके हैं। चरण-5 में जिन 8 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में मतदान हो रहा है वे इस प्रकार हैं - बिहार, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तर प्रदेश एवं पश्चिम बंगाल। इस चरण में मुंबई, ठाणे, लखनऊ जैसे नगरों में मतदान हो रहा है, जो अतीत में मतदान में शहरी उदासीनता से प्रभावित रहे हैं।