नईदिल्ली (15 अक्टूबर 26)। भारत में चल रहे एसआईआर (SIR) यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन विरोध प्रदर्शनों के बीच पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) ने भारत के खिलाफ अपना 'डिजिटल जिहाद' अभियान काफी तेज कर दिया है। खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले दो हफ्तों में पाकिस्तान में 5,000 से ज्यादा ऐसे फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाए गए हैं, जिनका मुख्य मकसद भारत सरकार और सुरक्षा बलों की छवि को धूमिल करना और देश में झूठी खबरें फैलाना है।
इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के अधिकारियों का कहना है कि इन फर्जी अकाउंट्स की अचानक बाढ़ का सीधा संबंध देश में चल रहे एसआईआर प्रदर्शनों से है। इन सोशल मीडिया हैंडल्स के जरिए मुख्य रूप से कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्रवाई पर निशाना साधा जा रहा है। पुलिस द्वारा लाठीचार्ज, फायरिंग या आंसू गैस के गोले छोड़े जाने से जुड़ी पूरी तरह से मनगढ़ंत और फर्जी बातें लगातार फैलाई जा रही हैं, जिसका उद्देश्य देश के युवाओं को भड़काकर उन्हें हिंसा के रास्ते पर धकेलना है। जांच एजेंसियों ने जब इन हैंडल्स की गहराई से पड़ताल की, तो पता चला कि इस बार आईएसआई ने अपने काम करने के तरीके में बड़ा बदलाव किया है। पहले आईएसआई इस तरह के फर्जी अकाउंट्स और प्रोपेगैंडा के लिए मुख्य रूप से रावलपिंडा या इस्लामाबाद के साइबर हब का इस्तेमाल करती थी, लेकिन इस बार आईएसआई ने अपने इस नेटवर्क को पाकिस्तान के कई अलग-अलग इलाकों जैसे भीमबर, रावलकोट, ताराखल, सियालकोट, कोटली, मेंढर और पेशावर में फैला दिया है।
इन इलाकों में स्थानीय लोगों को पैसे का लालच देकर या अन्य तरीकों से रिक्रूट किया जा रहा है, ताकि वे फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स चला सकें। इसके बाद आईएसआई खुद उन्हें निर्देश देती है कि क्या और कैसे कंटेंट शेयर करना है। इन लोगों को यह भी निर्देश दिए जाते हैं कि वे विदेशों में बैठे यूजर्स को अपनी पोस्ट में टैग करें, ताकि उन झूठी खबरों की पहुंच और ज्यादा तेजी से बढ़ सके।भारतीय तथ्य-जांच (फैक्ट-चेक) एजेंसियां जब तक ऐसे किसी फर्जी दावे की सच्चाई सामने लाती हैं, तब तक वह गलत जानकारी सोशल मीडिया पर अपनी जड़ें मजबूत कर चुकी होती है और लोगों की सोच को प्रभावित कर चुकी होती है। छोटे शहरों और गांवों के आम लोग फैक्ट-चेक पोर्टल्स से कम जुड़े होते हैं, इसलिए वहां तक सच पहुंचने में कई दिन लग जाते हैं और तब तक अफवाहों के जरिए काफी नुकसान हो चुका होता है।