रावलपिंडी (04 दिसंबर 25)। जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर की नीतियों को देश के लिए ‘विनाशकारी' बताते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि वह (मुनीर) अफगानिस्तान के साथ जानबूझकर ‘तनाव बढ़ा' रहे हैं। पूर्व क्रिकेटर इमरान (73) ने सोशल मीडिया पर एक ‘पोस्ट' में यह टिप्पणी की। इससे एक दिन पहले ही उनकी बहन डॉ. उज्मा खान ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली सरकार से ‘विशेष अनुमति' मिलने के बाद रावलपिंडी की अदियाला जेल में एक महीने से अधिक समय बाद उनसे मुलाकात की थी।
इमरान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर लिखा, ‘असीम मुनीर की नीतियां पाकिस्तान के लिए विनाशकारी हैं। उनकी नीतियों के कारण आतंकवाद नियंत्रण से बाहर हो गया है, जिससे मुझे बहुत तकलीफ होती है।' इमरान ने लिखा, ‘असीम मुनीर को पाकिस्तान के राष्ट्रीय हितों की कोई चिंता नहीं है। वह यह सब केवल पश्चिमी ताकतों को खुश करने के लिए कर रहे हैं। उन्होंने अफगानिस्तान के साथ जानबूझकर तनाव बढ़ाया, ताकि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक तथाकथित ‘मुजाहिद' (इस्लामी लड़ाके) के रूप में देखा जा सके।' पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के संस्थापक ने कहा कि वह देश में ‘अपने ही लोगों के खिलाफ ड्रोन हमलों और सैन्य अभियानों' का विरोध करते हैं, क्योंकि उनके अनुसार इससे आतंकवाद को और बढ़ावा मिलेगा। इमरान ने कहा, ‘मुनीर ने पहले अफगानों को धमकाया, फिर पाकिस्तान से शरणार्थियों को बाहर निकाला और ड्रोन हमले किए, जिनके परिणाम अब हम बढ़ते आतंकवाद के रूप में भुगत रहे हैं।' पीटीआई प्रमुख ने मुनीर को ‘मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति' बताते हुए आरोप लगाया कि उनके ‘नैतिक दिवालियापन के कारण पाकिस्तान में संविधान और कानून का शासन पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है।' इमरान ने दावा किया कि मुनीर के आदेश पर उन्हें और उनकी पत्नी को ‘फर्जी मामलों में कैद किया गया है और बेहद कड़ी मनोवैज्ञानिक यातना दी जा रही है।' उन्होंने कहा, मुझे जेल में चार हफ्ते से पूरी तरह से अलग-थलग एक कोठरी में बंद करके रखा गया है, मुझे किसी भी व्यक्ति से संपर्क नहीं करने दिया जा रहा है।