कराची (24 अगस्त 25)। पाकिस्तान की इकोनॉमिक सेंसस रिपोर्ट में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक देश में फैक्ट्रियों की तुलना में मस्जिदों और मदरसों की संख्या कई गुना ज़्यादा है। पाकिस्तान में 6.04 लाख मस्जिदें, 36,331 मदरसे हैं जबकि सिर्फ 23,000 फैक्ट्रियां हैं। देश में कुल 7.2 मिलियन (72 लाख) इकॉनॉमिक यूनिट्स दर्ज की गईं। इनमें से 2.7 मिलियन रिटेल शॉप्स, 1.88 लाख होलसेल शॉप्स, 2.56 लाख होटल, 1.19 लाख हॉस्पिटल, 2.42 लाख स्कूल, 11,568 कॉलेज और 214 यूनिवर्सिटी शामिल हैं।
अधिकांश बिज़नेस छोटे स्तर के हैं। करीब 7.1 मिलियन प्रतिष्ठान 1 से 50 लोगों को ही रोजगार देते हैं, जबकि 250 से अधिक कर्मचारियों वाले यूनिट्स मात्र 7,086 हैं। यह रिपोर्ट ऐसे समय में जारी हुई है जब पाकिस्तान गंभीर नकदी संकट से जूझ रहा है और आईएमएफ से 7 बिलियन डॉलर के बेलआउट पैकेज की दूसरी समीक्षा पर बातचीत कर रहा है। पाकिस्तान के योजना मंत्री अहसान इकबाल ने रिपोर्ट पेश करते हुए कहा, 'विश्वसनीय डेटा टिकाऊ विकास की रीढ़ है। इससे एविडेंस-बेस्ड प्लानिंग और बेहतर निर्णय लेने में मदद मिलती है।'