इस्लामाबाद (27 अगस्त 26)। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के एक प्रमुख अस्पताल के स्त्री रोग वार्ड में बुधवार को भीषण आग लगने से कम से कम 14 नवजात शिशुओं की मौत हो गयी। संबंधित प्रशासन ने यह जानकारी दी। प्राधिकारियों ने बताया कि यह आग राजधानी इस्लामाबाद के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल 'पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज' (पीआईएमएस) में सुबह करीब सात बजे लगी। इस्लामाबाद प्रशासन ने एक बयान में कहा कि अस्पताल के मातृ एवं शिशु वार्ड की तीसरी मंजिल पर आग लगने से 14 नवजातों की मौत हो गई।
पीआईएमएस प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील ने 'डॉन' अखबार को बताया कि जिस वार्ड में आग लगी, उसमें 15 नवजात शिशु थे। उन्होंने कहा, 'एक डॉक्टर ने कम से कम एक नवजात शिशु को बचा लिया।' प्रशासन के बयान के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव अभियान में दमकल की छह गाड़ियां और चार एंबुलेंस तैनात की गईं। बयान में कहा गया, 'आग पर तुरंत काबू पा लिया गया।' बयान के अनुसार घटना की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त (सामान्य) की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की गई है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस घटना पर चर्चा करने के लिए इस्लामाबाद प्रशासन की एक उच्च-स्तरीय बैठक बुलाई है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री ने संघीय स्वास्थ्य सचिव मुहम्मद असलम गौरी को निलंबित कर दिया है। शरीफ ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए तत्काल जांच का निर्देश दिया है। उन्होंने इस घटना की जांच के लिए पूर्व गृह सचिव शाहिद खान की अध्यक्षता में एक उच्च-स्तरीय जांच समिति गठित करने का भी आदेश दिया।