Wednesday, 30 Sep 2026

पाक से आजादी ही एकमात्र रास्ता: बलूच नेता

क्वेटा (24 अगस्त 26)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान में अलगाववादी आंदोलन एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय चर्चा के केंद्र में है। बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (BLF) के प्रमुख डॉक्टर अल्लाह नजर बलूच ने पाकिस्तान से पूरी आजादी को ही एकमात्र समाधान बताया है। एक इंटरव्यू में उन्होंने भारत और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से बलूच आंदोलन को राजनीतिक, कूटनीतिक और नैतिक समर्थन देने की अपील की। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि बलूचिस्तान के खनिज संसाधनों में निवेश करने वाली विदेशी कंपनियां भविष्य में हमलों के निशाने पर आ सकती हैं। द संडे गार्जियन को दिए इंटरव्यू में अल्लाह नजर ने कहा कि बलूचिस्तान के लिए अब स्वायत्तता या राजनीतिक रियायतें पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि पाकिस्तान से पूरी स्वतंत्रता ही समाधान है। उन्होंने दावा किया कि बलूच आंदोलन में शामिल युवा पीढ़ी नई रणनीतियां अपना रही है और आने वाले समय में संघर्ष का स्वरूप बदल सकता है। हालांकि अल्लाह नजर के संगठन BLF को पाकिस्तान सरकार एक सशस्त्र अलगाववादी संगठन मानती है, इसलिए उनके दावों को उसी राजनीतिक और सैन्य संदर्भ में देखा जाना चाहिए।

भारत को लेकर अल्लाह नजर ने सीधे तौर पर समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत बलूच आंदोलन को राजनीतिक, कूटनीतिक और नैतिक समर्थन दे सकता है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी बलूच मुद्दे को उठाने की उम्मीद जताई। अल्लाह नजर ने भारत को क्षेत्र की एक बड़ी ताकत और दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र बताते हुए कहा कि बलूच स्वतंत्रता आंदोलन का समर्थन करना भारत का नैतिक दायित्व है। पाकिस्तान लंबे समय से बलूच सशस्त्र संगठनों पर भारत से मदद मिलने के आरोप लगाता रहा है। भारत इन आरोपों से इनकार करता रहा है। इस सवाल पर अल्लाह नजर ने पाकिस्तानी आरोपों को प्रचार बताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भारत हर संभव तरीके से बलूच आंदोलन की मदद कर सकता है। उन्होंने हालांकि भारत से किसी विशेष सैन्य सहायता की सार्वजनिक मांग नहीं की, बल्कि मुख्य रूप से राजनीतिक, कूटनीतिक और नैतिक समर्थन की बात कही।

Tags:

Follow us

This question is not available..!