श्रीभूमि (30 अक्टूबर 25)। असम के श्रीभूमि जिले में कांग्रेस की एक बैठक के दौरान ‘आमार शोनार बांग्ला’ गीत गाए जाने पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बीजेपी ने इस घटना को ‘देशद्रोह’ करार देते हुए जांच की मांग की है, जबकि कांग्रेस ने इसे ‘राजनीतिक साजिश’ बताया है। यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब हाल ही में बांग्लादेश ने एक किताब के कवर पर पूर्वोत्तर भारत के हिस्सों को अपने नक्शे में दिखाया था।
सोमवार को श्रीभूमि जिले के भंगा इलाके में कांग्रेस सेवादल की जिला कार्यकारिणी बैठक इंदिरा भवन में आयोजित की गई थी। बैठक की शुरुआत में सेवादल के पूर्व जिला चेयरपर्सन बिधु भूषण दास ने ‘आमार शोनार बांग्ला’ गीत गाया। यह गीत गाने के बाद बीजेपी ने जोरदार आपत्ति जताई और कांग्रेस पर ‘बांग्लादेश-परस्ती’ का आरोप लगाया। बीजेपी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय गौरव को ठेस पहुंचा रही है और वोट बैंक की राजनीति के लिए देश के हितों से समझौता कर रही है। पार्टी ने कहा, 'अगर अब भी किसी को कांग्रेस का एजेंडा नजर नहीं आ रहा, तो वह या तो अंधा है या कांग्रेस का सहयोगी।' असम बीजेपी ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर लिखा, 'संकेत अब और स्पष्ट नहीं हो सकते। कुछ दिन पहले बांग्लादेश ने पूरे पूर्वोत्तर को निगलने वाला नक्शा छापा, और अब कांग्रेस असम में बांग्लादेश का राष्ट्रगान गा रही है। अगर कोई अब भी एजेंडा नहीं देख पा रहा, तो वह या तो अंधा है या सहयोगी।' असम के मंत्री अशोक सिंघल ने भी एक्स पर लिखा, 'बांग्लादेश का राष्ट्रगान ‘आमार शोनार बांग्ला’ असम के श्रीभूमि में कांग्रेस की मीटिंग में गाया गया, वही देश जो पूर्वोत्तर को भारत से अलग करना चाहता है! अब साफ है कि कांग्रेस ने दशकों तक अवैध घुसपैठ को वोट बैंक के लिए बढ़ावा क्यों दिया।'