पेरिस (29 जुलाई 24)। भारतीय निशानेबाज मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 में इतिहास रच दिया है। मनु भाकर ने भारत को पहला पदक दिलाते हुए महिला 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में कांस्य पदक अपने नाम कर लिया है। मनु भाकर की इस उपलब्धि पर पीएम मोदी ने उन्हें बधाई दी है। निशानेबाजी में मनु कोई भी मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई है। .
मनु भाकर ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में डेब्यू किया था। 10 मीटर एयर पिस्टल क्वालिफिकेशन राउंड के दौरान मनु की पिस्टल खराब हो गई थी, जिसकी वजह से वह मेडल नहीं जीत सकी थी। लेकिन इस बार उन्होंने इस कमी को पूरा कर दिया है, और भारत की झोली में पेरिस ओलंपिक 2024 का पहला पदक डाला है।
मनु भाकर का जन्म 18 फरवरी 2002 को हरियाणा के झज्जर जिले के गोरिया गांव में हुआ था। उनके पिता, रामकिशन भाकर, हरियाणा सरकार में चीफ इंजीनियर हैं। मनु ने अपनी शिक्षा झज्जर के यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल से की। मनु भाकर ने बहुत छोटी उम्र से ही खेलों में रुचि दिखाई। शुरुआत में उन्होंने मुक्केबाज़ी, टेनिस, और स्केटिंग जैसे विभिन्न खेलों में भाग लिया, हालांकि मुक्केबाजी के दौरान आंख पर चोट लगी जिसके बाद बॉक्सिंग सफर खत्म हो गया। अंततः शूटिंग में अपनी विशेष पहचान बनाई। शूटिंग में उनकी रुचि तब बढ़ी जब उन्होंने हरियाणा के एक शूटिंग रेंज में पिस्टल शूटिंग का प्रशिक्षण लिया।