Friday, 02 Oct 2026

पिता-भाई को आरोपी बनाया, बेटी बोली ज़िंदा हूं

बुरहानपुर (29 मई 26)। महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के जलगांव-जामोद थाना क्षेत्र में 26 अप्रैल को हद्दीतील रसलपुर गांव में एक 20 से 30 वर्ष की युवती का सिर कटा हुआ शव नग्न अवस्था में जंगल में मिला था। पुलिस ने विवेचना शुरू की तो सामने आया कि बुरहानपुर जिले के खकनार थाना क्षेत्र के ग्राम खड़की निवासी शिवानी पिता बाबूराम कलमेकर युवती भी अप्रैल से ही लापता है, जिसकी 1 मई को थाना खकनार में गुमशुदगी दर्ज थी। यहीं पर महाराष्ट्र पुलिस ने बड़ी चूक कर दी। पुलिस समझ बैठी कि जो शव मिला है वह शिवानी का ही है। महाराष्ट्र पुलिस ने बगैर कोई ठोस प्रमाण के हत्या का प्रकरण दर्ज करते हुए शिवानी के पिता बापूराम और भाई अजय कलमेकर को हत्या का दोषी मानकर गिरफ्तार कर बुलढाणा जेल भेज दिया।

खकनार पुलिस ने शिवानी को ढूंढ़ लिया- खड़की गांव का ही अर्जुन पिता दादू कलमेकर भी शिवानी के साथ ही गायब था। 9 मई को अर्जुन की तलाश करते हुए यह जानकारी मिली कि शिवानी भी उसी के साथ नासिक में है। खकनार पुलिस ने अर्जुन के परिवार वालों से बात कर दोनों को 27 मई की रात बुरहानपुर लेकर आई। थाना खकनार पुलिस ने आधार कार्ड से शिवानी के थंब इप्रेशन कराए। आधार कार्ड लिंक के माध्यम से सुनिश्चित हो गया कि यह शिवानी ही है। परिजनों और गांव वालों ने भी पहचान लिया। इससे तय हो गया कि शिवानी अर्जुन के साथ सही सलामत थी।

पुलिस को भेजे वीडियो और दस्तावेज- खकनार पुलिस ने जलगांव-जामोद पुलिस को शिवानी और अर्जुन के दस्तयाब की जानकारी भेजी। वीडियो और फोटो और उससे संबंधित दस्तावेज भेजे, ताकि जेल में बंद शिवानी के पिता और भाई को बाहर निकाला जा सके। शिवानी ने भी पुलिस से मांग की है कि पिता और भाई को जेल से बाहर निकाला जाए।

अब आगे क्या- जलगांव-जामोद पुलिस शिवानी और पिता का डीएनए मैच करेगी। डीएनए मैच होने के बाद पिता-भाई निर्दोष बाहर आएंगे। इस घटना के बाद परिजनों ने महाराष्ट्र पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े कर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में महाराष्ट्र सरकार जलगांव-जामोद पुलिस पर कार्रवाई भी कर सकती है, लेकिन जलगांव-जामोद पुलिस के सामने फिर एक सवाल खड़ा रहेगा कि सिर कटी नग्न युवती का शव किसका है।


Tags:

Follow us

This question is not available..!