Monday, 28 Sep 2026

पीएम के पंजाब दौरे को लेकर किसानों का बड़ा ऐलान

बरनाला (20 मई 24)। पीएम नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे के बीच किसानों ने एक बड़ा ऐलान कर दिया है। किसान संगठनों ने शंभू रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रोको आंदोलन स्थगित कर दिया है और अब वे बीजेपी नेताओं के घरों के सामने धरना देंगे। संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े संगठन अब बीजेपी नेताओं के घरों के बाहर धरना देंगे। आज बरनाला में राज्य कमेटी की बैठक के दौरान भारतीय किसान यूनियन उगराहां ने प्रधानमंत्री के विरोध का ऐलान किया है।

23 तारीख को पटियाला में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी रैली के बारे में बोलते हुए किसान नेता सुखजीत सिंह खैहरा और सुरजीत फूल ने कहा कि उनके निमंत्रण के अनुसार किसान संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से प्रधानमंत्री मोदी से सवाल भी करेंगे। उनसे पूछा जाएगा कि पिछले आंदोलन में उन्होंने किसानों से धोखा क्यों किया और झूठ क्यों बोला। आखिर लिखित में देने के बावजूद उन्होंने वादा क्यों तोड़ा? किसान नेता लखविंदर सिंह औलख ने कहा कि बीजेपी लोकतंत्र को खत्म करने की हर संभव कोशिश कर रही है, उन्होंने बताया कि कैसे बीजेपी हरियाणा में किसानों की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। किसान नेताओं ने अपनी बात रखते हुए कहा कि आने वाले दिनों में किसानों का संघर्ष और तेज होगा और किसान लोकतंत्र और खेती को बचाने के लिए हर संभव लड़ाई लड़ेंगे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!