नईदिल्ली (20 अप्रैल 26)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग के बीच आज दिल्ली के हैदराबाद हाउस में एक ऐतिहासिक द्विपक्षीय बैठक हुई। इस मुलाकात ने दोनों देशों के बीच Special Strategic Partnership को और मजबूती प्रदान की है। बैठक के दौरान एक बेहद खास पल तब आया जब पीएम मोदी और राष्ट्रपति ली ने एक साथ मिलकर पौधा लगाया। यह कदम पीएम मोदी की वैश्विक पहल 'एक पेड़ मां के नाम' के प्रति एकजुटता और पर्यावरण संरक्षण के साझा संकल्प को दर्शाता है।
इससे पहले दिन की शुरुआत में, राष्ट्रपति ली और उनकी पत्नी किम ही-क्युन ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी ने उनका औपचारिक स्वागत किया। इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने दोनों देशों के झंडे लहराकर मेहमानों का स्वागत किया। एक इंटरव्यू में राष्ट्रपति ली ने मध्य पूर्व में जारी तनाव के कारण वैश्विक तेल कीमतों में वृद्धि और समुद्री व्यापार मार्गों के बाधित होने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भारत और दक्षिण कोरिया दोनों अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए मध्य पूर्व पर निर्भर हैं, इसलिए Strait of Hormuz जैसे रणनीतिक मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करना दोनों राष्ट्रों के अस्तित्व के लिए अनिवार्य है।