इंदौर (02 अगस्त 26)। तुकोगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को दीवारों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आपत्तिजनक बताई जा रही पेंटिंग मिलने से विवाद खड़ा हो गया। सूचना मिलने पर नगर निगम के एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। बाद में पेंटिंग हटाने की कोशिश की गई, लेकिन सफल नहीं होने पर उसे ऑइल पेंट से ढंक दिया गया।
यशवंत क्लब के पास लेटर्न चौराहे पर तीन स्थानों पर बनी इन पेंटिंग्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उद्योगपति गौतम अडाणी और मुकेश अंबानी को भी दशार्या गया था। वहीं दीवारों पर अंग्रेजी में 'ईट द रिच' और 'फ्री द प्रेस' जैसे संदेश भी लिखे मिले। नगर निगम की प्रेशर मशीन से पेंटिंग हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन रंग नहीं हटने पर एमआईसी सदस्य पहाड़िया ने दो ब्राह्मणों को बुलाकर मंत्रोच्चार के बीच गंगाजल से स्थल का शुद्धिकरण कराया। इसके बाद आपत्तिजनक पेंटिंग पर ऑइल पेंट कर उसे पूरी तरह ढंक दिया गया। इस दौरान मौके पर मौजूद समर्थकों ने नारेबाजी भी की। नंदकिशोर पहाड़िया ने बताया कि मामले की शिकायत तुकोगंज थाने में दर्ज कराई गई है। उन्होंने इस कृत्य के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का अनुरोध किया गया है।