वाशिंगटन (24 अगस्त 24)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यूक्रेन यात्रा को लेकर अमेरिका का बड़ा बयान सामने आया है। अमेरिका ने प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को यूक्रेन के लिए ‘मददगार’ बताया है। प्रधानमंत्री मोदी पोलैंड से सात घंटे की ट्रेन यात्रा के बाद यूक्रेन पहुंचे। 1992 में द्विपक्षीय संबंध स्थापित होने के बाद से वे इस देश का दौरा करने वाले पहले भारतीय नेता हैं। प्रधानमंत्री की यात्रा ऐसे समय में हुई है जब रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष एक नए चरण में प्रवेश कर गया है, जब कीव ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर कुर्स्क में कई रूसी बस्तियों पर नियंत्रण कर लिया है।
राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यूक्रेन यात्रा 'राष्ट्रपति जेलेंस्की के न्यायपूर्ण शांति के दृष्टिकोण के अनुरूप संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में काम कर सकती है, हमें लगता है कि यह मददगार होगा।' अमेरिका ने प्रधानमंत्री की यूक्रेन यात्रा को एक महत्वपूर्ण यात्रा बताया था। प्रबंधन और संसाधन के लिए अमेरिकी उप विदेश मंत्री रिचर्ड आर वर्मा ने एक ब्रीफिंग में कहा था, 'मैं इस यात्रा से बहुत खुश हूं। मुझे लगता है कि यह एक महत्वपूर्ण यात्रा है- पोलैंड और यूक्रेन।' आज जारी एक संयुक्त बयान में दोनों नेताओं ने भविष्य में द्विपक्षीय संबंधों को एक व्यापक साझेदारी से रणनीतिक साझेदारी में बदलने में अपनी पारस्परिक रुचि व्यक्त की।