पुणे (07 अक्टूबर 26)। पुणे के प्रसिद्ध कसबा गणपति मंदिर में मंगलवार तड़के एक चोर ने सेंधमारी की और दान पात्र को तोड़कर उसमें रखे करीब 60,000 रुपये नकद लेकर फरार हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, चोरी की यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।
पुलिस ने कसबा पेठ इलाके में स्थित इस 19वीं सदी के ऐतिहासिक मंदिर में आधी रात के बाद हुई इस वारदात के आरोपी को पकड़ने के लिए तीन टीम का गठन किया है। कसबा गणपति को शहर का प्रधान देवता माना जाता है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ऋषिकेश रावले ने बताया कि चोर ने दान पात्र को तोड़कर उसे खोला और 60,000 रुपये नकद लेकर फरार हो गया। अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने के लिए चोरी करने के बाद वह किस दिशा में भागा, इसका पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस फरासखाना थाना में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में है।