उज्जैन (15 मार्च 25)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पुलिस सब प्रकार की चुनौतियों का सामना कर समाज को बेफिक्र होकर जीने का अनुकुल माहौल प्रदान करती है। पुलिस होली, दीपावली और अन्य त्यौहारों पर अपने घर से दूर रहकर अपनी संपूर्ण निष्ठा से समाज के प्रति अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करती है। उन्होंने कहा कि सुरक्षाकर्मियों का समाज में विशेष सम्मान और महत्व है। बाबा महाकाल की नगरी में पुलिसकर्मियों के साथ होली खेलना हर्ष की बात है। पुलिस के लिए होली पर्व पर व्यवस्थाएं करना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। पुलिस की सेवा के कारण ही सभी नागरिक हर्षोल्लास और आनंद के साथ होली का पर्व मनाते हैं। पुलिस, समाज की सुरक्षा के लिए एक अहम कड़ी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बातें शनिवार को पुलिस लाइन में आयोजित होली मिलन समारोह में कही।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कोविड के कठिन दौर में पुलिसकर्मियों द्वारा मैदान पर रहकर की गई सेवा देश के इतिहास में कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण है। हमें पुलिस पर गर्व हैं। पुलिसकर्मियों के स्वयं के मकान के लिए शासन ने प्रक्रिया आसान की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिसकर्मियों के साथ फूलों की होली खेली। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस में सेवारत महिला अधिकारी-कर्मचारियों से चर्चा की और उन्हें मिठाई खिलाकर होली की मंगलकामनाएं दीं। सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेडा, संभाग आयुक्त संजय गुप्ता, एडीजीपी उमेश जोगा, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा, एडीशनल एसपी गुरू पाराशर, नीतेश भार्गव, जनप्रतिनिधि संजय अग्रवाल, रवि सोलंकी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।