भोपाल (17 अगस्त 24)। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि जनता की सेवा में पुलिस का व्यवहार और दृष्टिकोण महत्वपूर्ण है। पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। पुलिस का संवेदनशील व्यवहार जनता के मन में पुलिस के प्रति सम्मान को बढ़ाता है साथ ही पुलिस की छवि को जन हितैषी बनाता है। राज्यपाल पटेल 'राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित अधिकारी-कर्मचरियों से भेंट' कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने मध्यप्रदेश पुलिस, जेल और होम गार्ड के पदक प्राप्तकर्ताओं एवं उनके परिजनों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। इस वर्ष प्रदेश पुलिस के कुल 69 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी राष्ट्रपति के पुलिस पदक से सम्मानित हुए हैं। यह सम्मान वीरता, विशिष्ट सेवा और सराहनीय सेवा के लिए प्रदान किया गया। कार्यक्रम राजभवन के सांदपनि सभागार में आयोजित हुआ। राज्यपाल पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस ने कानून एवं व्यवस्था के उत्तरदायित्वों के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय कार्य किया है। पुलिस ने 'एक पेड़-माँ के नाम' अभियान में एक दिन में सवा लाख पौधे लगाए हैं। राज्यपाल पटेल ने मध्यप्रदेश पुलिस बल को इस सफलता के लिए बधाई दीं। उन्होंने प्रदेश पुलिस से आह्वान भी किया कि रोपे गए पौधों की भविष्य में देख-भाल की जिम्मेदारी भी तत्परतापूर्वक निभाएं।