नईदिल्ली (08 जनवरी 25)। केंद्र सरकार ने राजघाट पर पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी का स्मारक बनाने का निर्णय लिया है। उनकी पुत्री शर्मिष्ठा मुखर्जी ने इसके लिए केंद्र सरकार और पीएम नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। उन्होंने मोदी से मुलाकात की थी। उन्होंने पीएम के साथ मुलाकात की तस्वीरें एक्स पर पोस्ट की है। उन्होंने लिखा, 'माननीय प्रधानमंत्री से मुलाकात हुई। पीएम नरेंद्र मोदी जी और उनकी सरकार को मेरे बाबा के लिए स्मारक बनाए जाने के फैसले के लिए तह-ए-दिल से शुक्रिया और आभार।'
शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा, 'हमने इसकी मांग नहीं की थी लेकिन इसके बावजूद ये फैसला लिया गया। प्रधानमंत्री के इस अप्रत्याशित लेकिन शालीन भाव से बेहद अभिभूत हूं। 'उन्होंने लिखा, बाबा कहते थे कि राजकीय सम्मान मांगना नहीं चाहिए, ये मिलना चाहिए। मैं बहुत आभारी हूं कि पीएम मोदी ने बाबा की याद में ऐसा किया। यह बाबा के लिए मायने नहीं रखता है, जहां वह हैं तारीफ या आलोचना से परे, लेकिन उनकी बेटी के लिए इस खुशी का बयां कर पाने के लिए शब्द नहीं है। 'केंद्र सरकार की ओर से शहरी और आवास मंत्रालय ने अपने आदेश में लिखा है, 'सक्षम प्राधिकारी ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति स्वर्गीय' प्रणब मुखर्जी की समाधि स्थापित करने के लिए 'राष्ट्रीय स्मृति' परिसर (राजघाट परिसर का एक भाग) के भीतर एक नियत स्थल को मंजूरी दे दी है।'