लखनऊ (22 अगस्त 24)। उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आरक्षी नागरिक पुलिस की आगामी 23, 24, 25 एवं 30, 31 अगस्त-24 को होने वाली परीक्षा में सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर यह अफवाह फैलाया जा रहा है कि भर्ती के प्रश्नपत्र फिर से लीक हो गये हैं। इस मामलें में इंस्पेक्टर सतेंद्र कुमार की तहरीर पर हुसैनगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया।
यूपी पुलिस कांस्टेबल की परीक्षा कराने के लिए विभाग के साथ लखनऊ पुलिस भी कमर कस ली है। सयुंक्त पुलिस आयुक्त अमित वर्मा व पुलिस उपायुक्त मुख्यालय आर एन सिंह ने प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी है। परीक्षा को लेकर पुलिस ने कड़ी तैयारी की है। इस बार परीक्षा में यदि कोई गड़बड़ी करता पाया गया तो उसके खिलाफ आजीवन कारावास से लेकर एक करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है। इस बार पुलिस का सारा फोकस सॉल्वर और नकल माफिया पर है। परीक्षा के पहले ग्रैंड रिहर्सल करके कमिश्नरेट लखनऊ की पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप से परख भी लिया है। इस बार होने वाली परीक्षा में शहर के 81 केंद्रों पर कुल 39072 अभ्यर्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा विभिन्न केंद्रों पर 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त को होने जा रही है।