पेशावर (04 अक्टूबर 25)। पाकिस्तान के पेशावर शहर में एक भीषण बम धमाका हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। इस आतंकी घटना में कम से कम 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि 4 लोग घायल बताए जा रहे हैं,जिनमें अधिकांश कानून प्रवर्तन अधिकारी शामिल हैं। यह विस्फोट तब हुआ जब सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर सड़क पर एक उपकरण लगाया गया था।
पुलिस अधिकारी मियां सईद ने बताया कि यह विस्फोट विशेष रूप से पुलिस और सुरक्षाबलों के अधिकारियों को निशाना बनाने के लिए कैपिटल सिटी में किया गया था। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि जिस विस्फोटक उपकरण का उपयोग किया गया था वह पुलिस वैन के रास्ते में लगाया गया था। उन्होंने कहा कि घायल हुए अधिकारियों की हालत गंभीर बनी हुई है। बम विस्फोट के बाद तुरंत बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को घटनास्थल पर तैनात किया गया और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मसूद बंगश ने बताया कि कानून प्रवर्तन अधिकारी घटनास्थल की जांच में लगे हुए हैं और साक्ष्य इकट्ठे किए जा रहे हैं। यह पाकिस्तान में हाल ही में हुआ अकेला धमाका नहीं है। इससे पहले 30 सितंबर को बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में फ्रंटियर कॉर्प्स हेडक्वार्टर के पास की एक सड़क पर भी शक्तिशाली विस्फोट हुआ था। उस हमले में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई थी और 32 लोग घायल हो गए थे।