नई दिल्ली (06 नवंबर 26)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पैरा एशियाई खेलों में भारत के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की सराहना करते हुए आज कहा कि 114 पदक आपके परिश्रम की पराकाष्ठा का परिणाम है। पीएम मोदी ने कहा, ‘2010 के पैरा एशियाई खेलों में भारत ने बस 1 गोल्ड जीता था। कुल मिलाकर उस टूर्नामेंट में हम केवल 14 मैडल जीत पाये थे। वहीं, इस बार हमारे खिलाड़ी 114 मैडल के साथ आए हैं।‘
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को यहां जापान में हाल ही में संपन्न हुए एशियाई पैरा खेलों के भारतीय पदक विजेताओं से मुलाकात की। मोदी ने इंदिरा गांधी स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स में इन खेलों में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के दल से बातचीत की और कहा, ‘2010 के 14 पदकों से अब तक के 114 मैडल की ये यात्रा आपके परिश्रम की पराकाष्ठा का परिणाम है।‘ पिछले महीने जापान के आइची-नागोया में आयोजित पैरा एशियाई खेलों में भारत ने अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। कुल 97 भारतीय पैरा-एथलीटों ने 114 पदक जीते, जिनमें 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक शामिल हैं। गुरुवार के इस कार्यक्रम में खेल मंत्री मनसुख मांडविया, खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, कोच, पैरालंपिक कमिटी ऑफ इंडिया और भारतीय ओलंपिक संघ के अधिकारी, राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रतिनिधि तथा युवा मामले और खेल मंत्रालय के अधिकारी भी शामिल हुए।
मोदी ने कहा, ‘आप सभी से मिलने का मुझे बेसब्री से इंतजार था। कुछ ही सप्ताह पहले मैं एशियन गेम्स में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों से मिला था, अब मैं पैरा एशियन गेम्स के शामिल आप सभी ऊर्जावान साथियों से मुझे मिलने का अवसर मिला है। आपका शानदार प्रदर्शन ये बताता है कि आज भारत स्पोट्र्स की दुनिया में तेजी से एक बड़ी पावर के रूप में उभर रहा है। इतने बड़े प्लेटफार्म पर आप सबने मेडल तो जीता ही है, आपने करोड़ों देशवासियों का दिल भी जीता है। आप सभी पैरा एथलीट्स ने एक बार फिर ये दिखा दिया है कि सबसे ऊंची उड़ान हौसलों से होती है। मैं आप सभी खिलाड़ियों को 140 करोड़ देशवासियों की तरफ से बहुत-बहुत बधाई देता हूं।' प्रधानमंत्री ने कहा, ‘आपकी इस उपलब्धि में आपकी फैमिली, ट्रेनर और कोच की भी अहम भूमिका है, मैं उनका भी अभिनंदन करता हूं। और मैंने पहले भी कहा था, एक सामान्य खिलाड़ी को, उसके पीछे एक कोच को जितनी मेहनत करनी पड़ती है, पैरालंपिक के लिए उससे अनेक गुना ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, तब जाकर के रंग बिखरते हैं। इसलिए, उनको तो मैं विशेष बधाई देता हूं, उनका अभिनंदन करता हूं।'