Wednesday, 30 Sep 2026

पौध-रोपण कर पेड़ बनने तक उनका संरक्षण करें: देवड़ा

नागदा (10 अगस्त 24)। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी का महत्वपूर्ण अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ पूरे देश में चल रहा है और उनकी मंशा अनुरूप हम सब पौध-रोपण कर पेड़ बनायें। इससे बड़ा कोई पुण्य का काम हो ही नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को हल्के में न लें और इस काम को औपचारिकता न निभायें, दिल से एक पेड़ मां के नाम अभियान को साकार कर प्रत्येक व्यक्ति पौधारोपण करे। जहां जगह मिले वहां पौधारोपण करें, ताकि इससे दूसरों को भी प्रेरणा मिलेगी। इस अभियान में सबकी सहभागिता होना आवश्यक है।

नागदा के महिदपुर रोड स्थित नवीन कृषि उपज मंडी परिसर में वृहद पैमाने पर पौध-रोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री देवड़ा, सांसद अनिल फिरोजिया, क्षेत्रीय विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान, असंगठित कामगार मण्डल के पूर्व अध्यक्ष सुल्तान सिंह शेखावत, पूर्व विधायक लालसिंह राणावत आदि की उपस्थिति में नवीन कृषि उपज मंडी परिसर में विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन कर बरगद, पीपल एवं नीम की त्रिवेणी का रोपण किया गया। उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि भावनात्मक दृष्टि से हम सब मिलकर वृहद पैमाने पर पौधारोपण कर पेड़ बनने तक उनका संरक्षण अनिवार्य रूप से करें, तभी हमारा पर्यावरण सुरक्षित रह पायेगा और हमारे जीवन के लिये ऑक्सीजन मिलती रहेगी।

Tags:

Follow us

This question is not available..!