इंदौर (23 मई 24 )। मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर चुनाव जीत रही है। तोमर अपने उज्जैन प्रवास के दौरान मीडिया से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा की पार्टी कार्यकर्ताओं ने सभी सीटों पर परिश्रम किया है और सभी सीटों पर परिणाम भाजपा के पक्ष में आएंगे। तोमर ने बाबा महाकाल के दर्शन किए और प्रदेश की जनता के कल्याण और खुशहाली की प्रार्थना की।
इससे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने इंदौर प्रवास के दौरान खजराना स्थित श्री सिद्धि विनायक मंदिर में दर्शन किए। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री, पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन से उनके निवास पर पहुंच कर भेंट की एवं विभिन्न विषयों पर चर्चा की। तोमर ने विधायक एवं पूर्व महापौर मालिनी लक्ष्मणसिंह गौड़ की सासू मां एवं पूर्व मंत्री, मित्र स्व. लक्ष्मणसिंह गौड़ की माताजी जतन देवी गौड़ के निधन पर उनके निवास पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संवेदना प्रकट की। तोमर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, मप्र खनिज विकास निगम के पूर्व उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी स्व. गोविंद मालू के निवास पर भी पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धा सुमन अर्पित कर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना प्रदान की।