नईदिल्ली (10 अगस्त 24)। प्रधानमंत्री मोदी रविवार को देश के किसानों को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। वह कल 11 बजे नई दिल्ली स्थित भारतीय कृषि एवं अनुसंधान संस्थान जाएंगे। जहां से वो ज्यादा उपज देने वाली, 109 से ज्यादा फसलों की किस्में जारी करेंगे, जो न सिर्फ जलवायु अनुकूल होंगे बल्की बायोफोर्टिफाइड किस्म के भी होंगे। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसानों और वैज्ञानिकों के साथ संवाद भी करेंगे, जिसमें वे कृषि के क्षेत्र में नए अनुसंधानों और प्रगतिशील तकनीकों पर चर्चा करेंगे।
प्रधानमंत्री द्वारा जारी की जाने वाली इन 109 किस्मों में 61 अलग-अलग फसलें शामिल हैं। इनमें से 34 किस्में फील्ड क्रॉप्स की हैं और 27 किस्में बागवानी फसलों की हैं। फील्ड क्रॉप्स में बाजरा, चारा फसलें , तिलहन, दलहन, गन्ना, कपास, फाइबर और अन्य संभावित फसलों के विभिन्न प्रकार के बीजों को शामिल किया गया है। वहीं, बागवानी फसलों में फलों, सब्जियों, रोपण फसलों, कंद फसलों, मसालों, फूलों और औषधीय फसलों की विभिन्न किस्में शामिल होंगी।