रीवा (21 अक्टूबर 24)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बनारस से रीवा के नवनिर्मित एयरपोर्ट का वर्चुअल उदघाटन किया। रीवा प्रदेश का छठवां एयरपोर्ट है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश में पहले की तुलना में तीन गुना रफ्तार से विकास कार्य हो रहे हैं। नई सरकार बनने के सवा सौ दिन के अंदर 15 लाख करोड़ रूपये से अधिक की योजनाओं और परियोजनाओं पर कार्य शुरू किया जा चुका है। इसमें ज्यादा बजट गरीब, किसान और नौजवानों के नाम पर है। पूरे देश में इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण का बड़ा अभियान चल रहा है। विकास के लिये होने वाले निवेश से नागरिकों की सुविधा बढ़ाना और नौजवानों को नौकरी देना हमारा लक्ष्य है। हाई-वे, नये-नये ट्रेन रूट्स और नये एयरपोर्ट की सुविधा बढ़ रही है। यह सिर्फ ईंट, पत्थर, लोहे का काम नहीं है। इससे आम नागरिकों की सुविधाएँ बढ़ रही हैं और युवाओं को नौकरियाँ भी मिल रहीं हैं। देश में वर्ष 2014 में केवल 70 एयरपोर्ट थे, जिनकी संख्या आज बढ़कर 150 से अधिक हो गई है। पुराने एयरपोर्ट्स का रिनोवशन भी किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दीवाली के पहले ही विंध्यवासियों को दीवाली का बहुत बड़ा तोहफा दिया है। रीवा में एयरपोर्ट शुरू होने जाने से विंध्य के विकास के द्वार खुलेंगे और यहाँ की तस्वीर और तकदीर बदलेगी। विंध्य में प्राकृतिक संपदा और विकास के हर संसाधन उपलब्ध रहे हैं। रीवा के विकास में ताला लगा हुआ था। पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा ध्यान न देने के कारण विंध्य का समुचित विकास नहीं हो सका। अब विंध्य के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रीवा में 1993 में रेल की सुविधा भी नहीं थी। आज यहाँ एयरपोर्ट की सुविधा उपलब्ध हो गई है। रीवा से भोपाल तक एक्सप्रेस-वे का निर्माण भी किया जाएगा। इस दौरान उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि हवाई अड्डे के रूप में विंध्य को पर्यटन, उद्योग, रोजगार और स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र में विकास के लिए बड़ी सौगात मिली है। कार्यक्रम में नगरीय विकास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद जनार्दन मिश्र, डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक नागेन्द्र सिंह, सिद्धार्थ तिवारी, नरेन्द्र प्रजापति, दिव्यराज सिंह, विक्रम सिंह, सहित जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।