Thursday, 01 Oct 2026

प्रधानमंत्री मोदी ने गिनाईं 12 साल की उपलब्धियां

नईदिल्ली (09 जून 26)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनकी सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में उठाए गए विभिन्न कल्याणकारी कदमों पर सोमवार को प्रकाश डाला और कहा कि भारत ने कई परिवर्तन देखे हैं और इन परिवर्तनों का मूल गरीबों का कल्याण है। अपने तीसरे कार्यकाल का दूसरा वर्ष पूरा होने पर मोदी ने प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, स्वच्छ भारत, पीएम आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी पहलों का उल्लेख किया और कहा कि ये सभी कदम लोगों को गरिमा और अवसर दिलाने के सरल उद्देश्य से प्रेरित हैं। 

मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, पिछले 12 वर्षों में भारत ने कई परिवर्तन देखे हैं और इन परिवर्तनों के मूल में गरीबों और वंचितों का कल्याण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार हमेशा 'अंत्योदय' से प्रेरित रही है और उसका प्रयास हमेशा यह सुनिश्चित करना रहा है कि विकास का लाभ उन लोगों तक पहुंचे जो दशकों से पीछे छूटे हैं।  उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, यह खुशी की बात है कि गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में प्रौद्योगिकी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सहायता सीधे और पारदर्शी तरीके से लोगों तक पहुंच रही है।  उन्होंने कहा, इससे खामियों में कमी आई है, कार्यकुशलता में सुधार हुआ है और शासन में विश्वास मजबूत हुआ है। इसी तरह 'गरीब कल्याण' को आगे बढ़ाने की यह यात्रा मानव सशक्तीकरण और विकसित भारत के हमारे सपने को साकार करने की दिशा में एक सामूहिक आंदोलन बन गई है। मोदी ने नौ जून 2024 को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। उन्होंने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी, उनका दूसरा कार्यकाल 30 मई 2019 को शुरू हुआ। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!