नईदिल्ली (26 फरवरी 26)। कांग्रेस महासचिव और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को 'इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट' के दौरान यूथ कांग्रेस द्वारा किए गए 'शर्टलेस' (अर्धनग्न) प्रदर्शन पर पुलिसिया कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा की है। प्रियंका गांधी ने इस कार्रवाई को 'अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक' करार देते हुए कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी अपने 'निडर सिपाहियों' के साथ मजबूती से खड़ी है।
बीती 20 फरवरी को दिल्ली के भारत मंडपम में अंतरराष्ट्रीय एआई शिखर सम्मेलन का आयोजन हो रहा था। इस दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अपनी शर्ट उतारकर सरकार विरोधी और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ नारे लिखी टी-शर्ट्स प्रदर्शित की थीं। इस घटना से वैश्विक स्तर के इस कार्यक्रम में व्यवधान पड़ा था, जिसका उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भारत की प्रगति को दुनिया के सामने रखना था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए प्रियंका गांधी ने लिखा 'सत्य के लिए शांतिपूर्ण और अहिंसक प्रतिरोध हमारी गौरवशाली विरासत है, जो हमें महात्मा गांधी और करोड़ों भारतीयों से मिली है। 140 करोड़ भारतीयों के हित में उस सरकार और प्रधानमंत्री के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है, जो वैश्विक दबाव के आगे झुककर भारत के हितों से समझौता करते हैं।' उन्होंने आगे कहा कि जनता की आवाज उठाने वाले युवा साथियों के खिलाफ कार्रवाई करना लोकतंत्र के लिए घातक है।