गुना (28 अप्रैल 24)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर प्रहार करते हुए दावा किया कि वह ‘‘नकली' गांधी हैं और वोट पाने के लिए इस ‘उपनाम' का इस्तेमाल कर रही हैं। मुख्यमंत्री गुना लोकसभा क्षेत्र के म्याना कस्बे में शनिवार को एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 22 अप्रैल को राजस्थान में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि कांग्रेस की योजना लोगों की गाढ़ी कमाई और मूल्यवान चीजों को ‘घुसपैठियों' और उन लोगों को देने की है, जिनकी अधिक संतान हैं। उन्होंने कहा था कि यह पार्टी सत्ता में आने पर माताओं और बहनों का सोना चुरा लेगी।
बाद में, प्रियंका ने ‘सोना' और ‘मंगलसूत्र' संबंधी मोदी की टिप्पणी को लेकर उनकी आलोचना करते हुए कहा था कि उनकी मां सोनिया गांधी ने देश के लिए अपना मंगलसूत्र तक कुर्बान कर दिया। कांग्रेस महासचिव पर निशाना साधते हुए यादव ने कहा कि अपनी प्रपौत्री के मंगलसूत्र नहीं पहनने को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की आत्मा ‘आंसू बहा रही होगी।' मुख्यमंत्री ने गांधी उपनाम का इस्तेमाल करने को लेकर भी नेहरू-गांधी परिवार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘हमारे यहां, बेटी के विदा होते ही वहां (उसके ससुराल) का सरनेम (उपनाम) लगा देते हैं लेकिन ये वोट के भूखे लोग वोट के चक्कर में अपना सरनेम भूल रहे हैं और आज भी गांधी उपनाम का इस्तेमाल कर रहे हैं।' उन्होंने दावा किया, ‘प्रियंका भी गांधी हो गईं। उनका उपनाम कहां से आया? वे असली गांधी के परिवार के लोग आज न जाने कहां होंगे? ये नकली गांधी लोग गांधी के नाम पर वोट ले रहे हैं।'