मुंबई (05 दिसंबर 24)। भाजपा विधायक दल के नेता देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, जबकि सहयोगी एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने गुरुवार शाम यहां एक भव्य समारोह में उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। 23 नवंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के करीब दो हफ्ते बाद आजाद मैदान में आयोजित इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अलावा भाजपा नीत महायुति के हजारों समर्थक शामिल हुए। नागपुर दक्षिण पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित 54 वर्षीय फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री बने। राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन ने फडणवीस और उनके दो उपमुख्यमंत्रियों को पद की शपथ दिलाई। महाराष्ट्र में आज नए शपथ ग्रहण समारोह के तहत देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री पद की शपथ तीसरी बार ली। वह नागपुर दक्षिण विधानसभा से विधायक हैं। इससे पहले 2014 में उन्होंने पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। 2019 में भी कुछ दिनों के लिए मुख्यमंत्री बने थे, लेकिन इसके बाद महायुति गठबंधन के तहत एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाया गया और फडणवीस को उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बाद, एकनाथ शिंदे ने भी उपमुख्यमंत्री के पद की शपथ ली, जो महाराष्ट्र सरकार में दूसरे नंबर की भूमिका निभाएंगे। शिंदे पहले भी लगातार पांच बार विधायक रह चुके हैं और इस बार वह कोपरी पचपखड़ी सीट से चुने गए हैं। महायुति गठबंधन सरकार के गठन के बाद जून 2023 में उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।