जनरल सैंटोस (08 जून 26)। दक्षिणी फिलीपीन के मिंडानाओ क्षेत्र में सोमवार सुबह आए शक्तिशाली 8.1 तीव्रता के भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। शुरुआती रिपोर्टों में किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन बाद में सामने आए आंकड़ों ने स्थिति की गंभीरता को उजागर कर दिया। अब तक कम से कम 19 लोगों की मौत और सैंकड़ों लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कई बहुमंजिला इमारतों को जोर-जोर से हिलते, दीवारों को गिरते और लोगों को जान बचाने के लिए सड़कों पर भागते देखा जा सकता है। कई स्थानों पर इमारतें पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गईं।
भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 7:37 बजे आया। इसका केंद्र मिंडानाओ द्वीप पर स्थित जनरल सैंटोस शहर के पास 10 किलोमीटर की गहराई में था। तेज झटकों ने पूरे क्षेत्र को हिला दिया और लोगों को घरों, दफ्तरों तथा स्कूलों से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धरती इतनी जोर से कांपी कि कई लोग खड़े तक नहीं रह पाए। कुछ इलाकों में सड़कें फट गईं और कई पुरानी इमारतों में गंभीर दरारें पड़ गईं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो इस प्राकृतिक आपदा की भयावहता को बयां कर रहे हैं। कहीं इमारतों से मलबा गिरता दिखाई दे रहा है तो कहीं लोग चीखते हुए खुले मैदानों की ओर भाग रहे हैं। कई वीडियो में दुकानों का सामान जमीन पर बिखरा नजर आ रहा है। राहत एजेंसियां अभी भी प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों की तलाश कर रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में दबे लोगों के मिलने के साथ हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। भूकंप के बाद तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। कुछ इलाकों में लगभग तीन फुट ऊंची लहरें दर्ज की गईं, जबकि शुरुआती चेतावनी में और बड़ी लहरों की आशंका जताई गई थी। तटीय क्षेत्रों में रहने वाले हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।