कोलकाता (22 अगस्त 24)। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर से रेप के बाद हत्या का मामला गरमाया हुआ है। इस बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। कोलकाता के आरजी कर कॉलेज की नई प्रिसिंपल सुहृता पाल पर भी गाज गिर गई। छात्रों की डिमांड को मानते हुए सरकार ने उन्हें हटा दिया। चेस्ट मेडिसिन विभाग की हेड रहीं सुहृता घोष को डॉ. संदीप घोष के बाद आरजी कर कॉलेज का प्रिसिंपल बनाया गया था। उनके अलावा MSVP बुलबुल मुखर्जी, चेस्ट विभाग के हेड अरुणाभ दत्ता चौधरी और असिस्टेंट सुपर सुचरिता सरकार को भी उनके पद से हटा दिया गया है। स्वास्थ्य सचिव नारायण स्वरूप निगम ने ये बड़ी कार्रवाई की है। इसके अलावा खबर ये भी है कि मेडिकल छात्रों की मांगों को भी माना जा रहा है। बता दें सुहृता पाल गुरुवार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर भड़क गईं थीं। उन्होंने ये तक कहा था कि मुझसे कोई उम्मीद न करें। छात्र उनके व्यवहार से बेहद नाराज थे और उन्हें तत्काल बर्खास्त करने की मांग पर अड़े हुए थे। सुहृता पाल इससे पहले स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत थीं। इससे पहले मंगलवार को भी उन्होंने जूनियर डॉक्टर के माता-पिता से फोन पर बात की थी और न्याय का भरोसा दिया था।