नईदिल्ली (20 अगस्त 24)। पूरे देश में बड़ी धूमधाम के साथ रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय राजधानी में स्कूली छात्राओं के साथ रक्षाबंधन मनाया। स्कूली बच्चों ने पीएम मोदी की कलाई पर राखी बांधी। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में स्कूली लड़कियां रक्षाबंधन के त्यौहार पर प्रधानमंत्री मोदी को राखी बांधती नजर आ रही हैं।
इससे पहले आज प्रधानमंत्री मोदी ने रक्षा बंधन के अवसर पर लोगों को बधाई दी और सभी की खुशी और समृद्धि की प्रार्थना की। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, 'भाई-बहन के बीच असीम प्रेम के प्रतीक त्योहार रक्षा बंधन पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन पर्व आप सभी के रिश्तों में नई मिठास और जीवन में सुख, समृद्धि और सौभाग्य लाए।' राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी भाई-बहन के बीच के बंधन को मनाने वाले इस त्योहार पर शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि यह त्योहार सभी बहनों और बेटियों के प्रति स्नेह और सम्मान की भावना पैदा करता है।