नईदिल्ली (01 फरवरी 25)। आम बजट 2025 से पहले सोने की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर वायदा कारोबार के दौरान सोना 82,000 रुपये के पार निकल गया, जबकि घरेलू बाजार में भी यह रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया है। इससे पहले, पिछले साल बजट के दौरान कस्टम ड्यूटी में कटौती के चलते गोल्ड के दाम में गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन इस बार कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।
बीते वित्त वर्ष के पूर्ण बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोने पर लगने वाली कस्टम ड्यूटी को 15% से घटाकर 6% कर दिया था। इस घोषणा के तुरंत बाद सोने की कीमतों में गिरावट देखी गई थी, जिससे यह 4000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया था। हालांकि, कुछ ही हफ्तों में कीमतों ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली और अब नए रिकॉर्ड बना रही हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार भी सरकार गोल्ड पर कस्टम ड्यूटी को लेकर कोई बड़ा ऐलान कर सकती है। यदि कस्टम ड्यूटी में कटौती होती है, तो सोने की कीमतों में अस्थायी गिरावट आ सकती है। वहीं, यदि कोई राहत नहीं मिलती, तो गोल्ड के दाम और बढ़ सकते हैं।
MCX पर गोल्ड की नई कीमतें: शुक्रवार को MCX पर 4 अप्रैल की एक्सपायरी वाले गोल्ड का दाम 82,415 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। गुरुवार को कारोबार के अंत में यह 81,988 रुपये पर बंद हुआ था। सप्ताह की शुरुआत में गोल्ड का भाव 80,160 रुपये था, यानी इस हफ्ते में ही इसमें 2000 रुपये प्रति 10 ग्राम की तेजी आ चुकी है।