Monday, 28 Sep 2026

बरगी डैम क्रूज हादसा: सीएम और नेता प्रतिपक्ष घटनास्थल पर

जबलपुर (02 मई 26)। मध्यप्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव बरगी क्रूज हादसे में पीड़ित परिवारों से मिलने जबलपुर पहुंचे। यहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ है। कोई भी परिवार खुद को अकेला न समझे। इस दौरान उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी उनके साथ थे। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने कहा कि इस हादसे के दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। उच्च स्तरीय समिति इसकी जांच करेगी। भविष्य में ऐसी घटना न हो इसके लिए एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए एसओपी बनाई जाएगी। 

उधर मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी जबलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने बरगी डैम में हुए दुखद क्रूज हादसे वाली जगह का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। सिंघार ने मौके पर चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी ली तथा वहां मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर पूरे घटनाक्रम को समझा। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया था कि इस हादसे में 9 लोगों के शव मिले हैं। 28 लोगों को बचाया जा चुका है। इस घटना से पूरा प्रदेश स्तब्ध है। उन्होंने यह भी घोषणा की थी कि जिन लोगों ने दूसरों की जान बचाई है उन्हें 51-51 हजार रुपये दिए जाएंगे। प्रदेश सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2-2 लाख आर्थिक सहायता की घोषणा की है। 

इस मामले में क्रूज पायलट महेश पटेल, क्रूज हेल्पर छोटेलाल गोंड और टिकट काउंटर प्रभारी बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं। इसके अलावा उन्होंने होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को कार्य में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित कर दिया है। रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर उन पर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। 


Tags:

Follow us

This question is not available..!