Friday, 09 Oct 2026

बहनों की खुशहाली ही सरकार का मिशन : मुख्यमंत्री

झाबुआ (12 सितंबर 25)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश की सभी बहनों के जीवन में नित नई मुस्कान लाना सरकार का संकल्प है। बहनों की खुशहाली ही हमारा मिशन है। राज्य सरकार बहनों को आत्मनिर्भर बनाने देवी अहिल्याबाई नारी सशक्तिकरण मिशन, लाड़ली बहना योजना सहित अन्य योजनाओं के जरिए कदम-दर-कदम आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में संवेदनशील सरकार है। हमारी नीति और नीयत दोनों साफ है। प्रदेश की बहनों को हर महीने प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है, बहनों की खुशी में ही हमारी खुशी है। बहनों के जीवन में विकास से ही पूरे समाज का विकास संभव है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को झाबुआ जिले के पेटलावद में आयोजित राज्य स्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण है। सरकार की सभी योजनाओं का लाभ बहनों तक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 17 सितंबर को धार जिले की बदनावर तहसील के भैंसोला गांव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रदेश को पीएम मित्रा पार्क की सौगात देने आ रहे हैं। पीएम मित्रा पार्क से मालवांचल सहित पूरे प्रदेश की तस्वीर बदलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सम्मेलन में प्रदेश की 1.26 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 28वीं किश्त की 1541 करोड़ रुपए से अधिक की राशि का अंतरण किया। मुख्यमंत्री ने 53.48 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों को भी 320.89 करोड़ राशि और 31 लाख से अधिक बहनों को एलपीजी सिलेंडर रीफिलिंग के 48 करोड़ रुपए अंतरित किये। 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने झाबुआ जिले के पेटलावद में 345.34 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिला प्रशासन द्वारा तैयार जनजातीय आयुर्वेदिक परम्परा एवं चिकित्सा ज्ञान पर केन्द्रित पुस्तक 'झाबुआ के संजीवक' का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने बीपीएल परिवारों के 11 दिव्यांग हितग्राहियों को कस्टमाईज्ड पेट्रोल चलित मोटर साईकिल वितरित की।

Tags:

Follow us

This question is not available..!