उज्जैन (18 अगस्त 24)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बहनों के आशीर्वाद से प्रदेश में विकास के नए-नए कीर्तिमान रचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की और तेजी से अग्रसर है। प्रधानमंत्री मोदी ने बहनों को मान-सम्मान दिलाने का काम किया हैं। पंचायत एवं स्थानीय निकायों के निर्वाचन में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान जारी रहेगा, जिससे बहनों का सशक्त नेतृत्व प्रदेश को मिलता रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव उज्जैन के ग्राम लेकोडा में लाडली बहना रक्षाबंधन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधे। मुख्यमंत्री ने भी बहनों को स्नेहपूर्वक झूला झुलाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को बहनों ने विशाल राखी भेंट कर आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने उपस्थित सभी बहनों को उपहार भेंट किये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कन्या-पूजन और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बहनों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए मध्यप्रदेश सरकार कृत संकल्पित है। इस अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन, सतीश मालवीय, जितेंद्र पंड्या, जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव, जन-प्रतिनिधि, अधिकारी सहित बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित रहीं।