ढाका (09 मई 25)। भारत द्वारा किया गया पाकिस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के बाद सिर्फ इस्लामाबाद ही नहीं, बल्कि उसके करीबी देशों में भी चिंता बढ़ गई है। भारत की आक्रामक सैन्य नीति को देखते हुए अब बांग्लादेश ने भी अपनी वायुसेना को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। खबरों के मुताबिक, बांग्लादेश अब चीन से J-10C फाइटर जेट खरीदने की तैयारी में है।
J-10C को 'विगरस ड्रैगन' भी कहा जाता है। यह 4.5 जेनरेशन का मल्टीरोल फाइटर जेट है, जो हवा से हवा में और जमीन पर हमले दोनों के लिए सक्षम है। यह विमान अमेरिका के F-16 से तकनीकी रूप से मुकाबला करता है। पहले पाकिस्तान भी इसे खरीद चुका है और अब बांग्लादेश की भी इस पर नजर है।रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश शुरू में 16 J-10CE फाइटर जेट खरीदने पर विचार कर रहा है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर है और क्षेत्र में सैन्य संतुलन लगातार बदल रहा है। हाल ही में बांग्लादेश के एयर चीफ मार्शल हसन महमूद खान चीन की यात्रा पर गए थे। उन्होंने झुहाई एयर शो में हिस्सा लिया और CATIC (China National Aero-Technology Import & Export Corporation) का दौरा किया। यही कंपनी चीन के हथियारों का निर्यात करती है। माना जा रहा है कि इस यात्रा का मकसद दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को और मज़बूत करना था।